उत्तराखंड : स्कूलों में बच्चों की होगी डिजिटल ट्रैकिंग, पीएम पोषण योजना पर मुख्य सचिव सख्त
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 May, 2026 04:25 PMदेहरादून, 27 मई: राज्य में बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना के तहत स्कूलों में डिजिटल ट्रैकिंग और हेल्थ मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित की जाएगी। मुख्य सचिव Anand Bardhan ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने पीएम पोषण योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि अधिक से अधिक स्कूलों का सोशल ऑडिट कराया जाए। उन्होंने सोशल ऑडिट में सामने आने वाली कमियों को संबंधित जनपदों को अवगत कराते हुए समयबद्ध अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के लिए डिजिटल मैपिंग एवं ट्रैकिंग मैकेनिज्म विकसित करने पर जोर दिया, ताकि बच्चों की उपस्थिति, स्वास्थ्य और पोषण संबंधी स्थिति का बेहतर विश्लेषण किया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से हेल्थ स्क्रीनिंग पर बल देते हुए स्वास्थ्य विभाग को एनीमिया सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित बच्चों के उपचार और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों का स्थान आधारित विश्लेषण भी किया जाए, जिससे यह पता लगाया जा सके कि किस जनपद या ब्लॉक के बच्चों में किस प्रकार की स्वास्थ्य समस्याएं अधिक हैं। इससे प्रभावित क्षेत्रों में लक्षित रणनीति बनाकर समस्याओं के समाधान के लिए विशेष प्रयास किए जा सकेंगे।
बैठक में सचिव Ravinath Raman ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारत सरकार को भेजी जाने वाली पीएम पोषण योजना की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विभाग की नई पहल के तहत बागेश्वर और हरिद्वार जनपदों में 78 भोजन माताओं को मशरूम खेती का प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि मध्याह्न भोजन में पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाई जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि Uttarakhand Cooperative Dairy Federation Limited के सहयोग से बच्चों को सप्ताह में दो बार फोर्टिफाइड फ्लेवर्ड स्किम्ड दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों के पोषण स्तर में सुधार करना है।
बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव नमामि बंसल, रोहित मीणा तथा निदेशक विद्यालयी शिक्षा मुकुल कुमार सती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.