उत्तराखंड में बागवानी विस्तार का रोडमैप तैयार होगा, किसानों को तकनीकी सहायता व प्रशिक्षण पर जोर

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 25 May, 2026 05:56 PM
उत्तराखंड में बागवानी विस्तार का रोडमैप तैयार होगा, किसानों को तकनीकी सहायता व प्रशिक्षण पर जोर

देहरादून, 25 मई 2026: उत्तराखंड में बागवानी क्षेत्र के विस्तार और उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को सचिवालय में जाईका (JICA) वित्तपोषित उत्तराखण्ड एकीकृत बागवानी विकास परियोजना से संबंधित उच्च अधिकार प्राप्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश के लिए एक समग्र एवं दीर्घकालिक बागवानी योजना तैयार करने के निर्देश दिए।


मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड में उन्नत बागवानी की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश में कुल बागवानी क्षेत्र बढ़ाने के लिए किसानों को हैंड होल्डिंग, तकनीकी सहायता तथा नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।


बैठक में किसानों को अधिक से अधिक ग्राफ्टिंग तकनीक का प्रशिक्षण दिए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, जिससे उत्पादन क्षमता में वृद्धि की जा सके। मुख्य सचिव ने कहा कि बागवानी उत्पादन को बढ़ाने के लिए क्लस्टर एप्रोच अपनाने के साथ-साथ सप्लाई चेन को मजबूत करना और कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी है।


उन्होंने उन्नत किस्मों के उपयोग और बागवानी क्षेत्र विस्तार पर फोकस करने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं में किसी प्रकार की डुप्लीकेसी नहीं होनी चाहिए तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही, परियोजना पूर्ण होने के बाद भी किसानों को सहायता मिलती रहे, इसके लिए उद्यान विभाग की प्रभावी भूमिका तय करने के निर्देश दिए गए।


बैठक में सचिव एस.एन. पाण्डेय, डीजी उद्यान वंदना सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2