उत्तराखंड : बरसात से पहले अलर्ट मोड में गणेश जोशी, बिन्दाल नदी चैनेलाइजेशन के दिए निर्देश

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 23 May, 2026 06:16 PM
उत्तराखंड : बरसात से पहले अलर्ट मोड में गणेश जोशी, बिन्दाल नदी चैनेलाइजेशन के दिए निर्देश

देहरादून। आगामी मानसून को देखते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी शनिवार सुबह क्षेत्र भ्रमण पर निकले और विजय कॉलोनी क्षेत्र का निरीक्षण कर बरसात से पहले सुरक्षात्मक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बिन्दाल नदी में विजय कॉलोनी पुल से बद्रीनाथ कॉलोनी तक चैनेलाइजेशन कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट कहा कि बरसात शुरू होने से पहले चैनेलाइजेशन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि जलभराव, कटाव और संभावित आपदा जैसी स्थितियों से क्षेत्रवासियों को नुकसान से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मानसून से पहले सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे होने चाहिए।


गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नदी किनारे संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं और कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


क्षेत्र भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने विजय पेयजल कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में क्षेत्रवासियों को पर्याप्त और नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा जल संकट जैसी स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने पेयजल आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग करने पर भी जोर दिया।


मंत्री ने विशेष रूप से नीलकंठ विहार, विजय कॉलोनी भाग-3 बस्ती और मुख्य चौराहे के आसपास रहने वाले लोगों के घरों तक सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पुरुषोत्तम कुमार, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आशीष भट्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, महामंत्री भावना चौधरी, पूर्व पार्षद सत्येन्द्र नाथ, राजेश शर्मा, डॉ. बबीता सहौत्रा, ओम प्रकाश बवाड़ी, दीपक बहुखण्डी, कुशाल सहित क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2