फर्जी पत्र वायरल करने के मामले मे कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करेगी भाजपा: चौहान
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 May, 2026 07:00 PMदेहरादून।
उत्तराखंड में कथित फर्जी पत्र वायरल होने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भाजपा ने इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का ऐलान किया है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बयान जारी कर कहा कि पार्टी दुष्प्रचार और झूठ की राजनीति पर लगाम लगाने के लिए जल्द ही कड़े कदम उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए निम्न स्तर की राजनीति पर उतर आई है और एक कूटरचित फर्जी पत्र को वायरल कर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
चौहान ने कहा कि जिस भाजपा विधायक के नाम पर यह पत्र वायरल किया गया, वह स्वयं सामने आकर इसे पूरी तरह फर्जी बता चुके हैं। उन्होंने इस कृत्य की निंदा करते हुए खुद को भाजपा का अनुशासित कार्यकर्ता बताया है। ऐसे में अब कांग्रेस अध्यक्ष की भूमिका और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे यह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं कि उन्हें यह कथित पत्र कहां से और कैसे प्राप्त हुआ। सार्वजनिक जीवन में मर्यादित आचरण और जिम्मेदार बयान अपेक्षित होते हैं, लेकिन इस मामले में मुख्यमंत्री के खिलाफ दुष्प्रचार कर राजनीति का स्तर गिराया गया है।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष जैसे गरिमामय पद पर रहते हुए इस तरह के दुष्प्रचार को बढ़ावा देना पद की गरिमा को ठेस पहुंचाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष लगातार विवादों में घिरे मामलों में षड्यंत्रकारियों के पक्ष में खड़े नजर आते हैं।
चौहान ने कहा कि भाजपा इस पूरे मामले में विधि विशेषज्ञों से सलाह ले रही है और जल्द ही कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि कांग्रेस के भीतर आंतरिक समर्थन की कमी के चलते आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति की जा रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।


No Previous Comments found.