उत्तराखंड को आपदा सुरक्षित बनाने की बड़ी पहल, ग्राम प्रधानों को मिलेगा आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण: मदन कौशिक
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 24 Apr, 2026 09:26 AMदेहरादून। उत्तराखंड को आपदा सुरक्षित राज्य बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने निर्देश दिए हैं कि अब आपदा प्रबंधन विभाग और पंचायती राज विभाग मिलकर कार्य करेंगे, ताकि गांव स्तर पर आपदा से निपटने की क्षमता मजबूत हो सके और त्वरित राहत व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
प्रथम चरण में ग्राम प्रधानों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
सरकार की इस नई पहल के तहत पहले चरण में राज्यभर के ग्राम प्रधानों को आपदा प्रबंधन का व्यवहारिक और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। मंत्री ने कहा कि ग्राम प्रधानों को आपदा के समय फर्स्ट रिस्पॉन्डर के रूप में तैयार किया जाएगा, ताकि वे राहत एवं बचाव कार्यों की शुरुआती जिम्मेदारी संभाल सकें।
उन्होंने कहा कि पेशेवर बचाव दलों के पहुंचने तक स्थानीय स्तर पर हालात नियंत्रित रखना बेहद जरूरी होता है, इसलिए गांव स्तर पर प्रशिक्षित नेतृत्व तैयार किया जाएगा।
आपदा सुरक्षित गांव विकसित करने की योजना
मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर आपदा सुरक्षित गांव विकसित किए जाएंगे, जो भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं का सामना करने में सक्षम हों।
यू-प्रिपेयर परियोजना की समीक्षा
गुरुवार को मंत्री ने यूएसडीएमए में विश्व बैंक सहायतित यू-प्रिपेयर परियोजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता पर विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से पुल निर्माण कार्यों में सुरक्षा और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने को कहा।
आधुनिक आपातकालीन परिचालन केंद्र बनाए जाएंगे
मंत्री ने यूएसडीएमए भवन में प्रस्तावित अत्याधुनिक राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जिलों में स्थापित जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों (DEOC) को आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित कर अधिक सक्षम बनाने को कहा।
विभागों को मिलेंगे आधुनिक उपकरण
उन्होंने कहा कि आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पीडब्ल्यूडी, वन विभाग, एसडीआरएफ समेत सभी संबंधित विभागों को आधुनिक उपकरण और संसाधनों से लैस करना जरूरी है। जब तक विभाग मजबूत नहीं होंगे, तब तक आपदा प्रबंधन प्रभावी नहीं हो सकता।
जिलों का करेंगे निरीक्षण
मदन कौशिक ने कहा कि वे स्वयं राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर परियोजना कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी योजनाओं का लाभ धरातल पर स्पष्ट रूप से जनता तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य में इस प्रकार की परियोजनाएं सुरक्षा और सतत विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।


No Previous Comments found.