पीएम मोदी के दौरे पर कांग्रेस का हमला, गोदियाल बोले- जनता के सवालों पर साधी चुप्पी
हाईवे उद्घाटन पर स्वागत, लेकिन बेरोजगारी, भर्ती घोटाले, महिला सुरक्षा और भू-कानून जैसे मुद्दों पर जवाब मांगा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Apr, 2026 09:51 PMदेहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून हाईवे के लोकार्पण के बाद उत्तराखंड कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों और जनता से जुड़े सवालों को पूरी तरह नजरअंदाज किया।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के दौरे से पहले 10 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जवाब मांगा था, जो सीधे उत्तराखंड की जनता और राज्य की व्यवस्था से जुड़े विषय थे, लेकिन प्रधानमंत्री ने इन सवालों को संबोधित नहीं किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा का उल्लेख किया, लेकिन अग्निपथ योजना से सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य में बढ़ते महिला अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि उत्तराखंड महिला अपराध के मामलों में चिंताजनक स्थिति में पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं।
अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए गोदियाल ने कहा कि इस मामले में कई गंभीर आरोप लगे थे और मुख्यमंत्री द्वारा सीबीआई जांच की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई।
उन्होंने राज्य में सामने आए भर्ती घोटालों को भी बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि यह युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला है, जिस पर प्रधानमंत्री ने कुछ नहीं कहा।
दिल्ली-देहरादून हाईवे के लोकार्पण पर प्रतिक्रिया देते हुए गोदियाल ने कहा कि यदि यह परियोजना उत्तराखंड की “भाग्य रेखा” है, तो सरकार को बताना चाहिए कि इससे राज्य को वास्तविक लाभ क्या मिलेगा। उन्होंने स्थायी राजधानी, लोकायुक्त की नियुक्ति और सख्त भू-कानून जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठाए।
गोदियाल ने कहा कि दिल्ली से देहरादून की यात्रा ढाई घंटे में पूरी होने से सुविधा जरूर बढ़ेगी, लेकिन स्थानीय निवासियों में बढ़ते यातायात दबाव को लेकर चिंता भी है। उन्होंने राज्य सरकार से स्पष्ट ट्रैफिक एडवाइजरी और ठोस मोबिलिटी प्लान जारी करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि देहरादून शहर की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह हाईवे भविष्य में गंभीर चुनौतियां खड़ी कर सकता है। शहर की आंतरिक सड़कें सीमित हैं, पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर्याप्त नहीं है और अचानक बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को संभालने की क्षमता भी सीमित है।
गोदियाल ने कहा कि दिल्ली और हरियाणा से आने वाले पर्यटकों को मसूरी, ऋषिकेश और हरिद्वार जाने के लिए देहरादून से होकर गुजरना होगा, जिससे शहर “बॉटलनेक” बन सकता है।
प्रधानमंत्री के रोड शो पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। गोदियाल ने आरोप लगाया कि हजारों छात्र-छात्राओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, महिला मंगल दलों और श्रमिकों को मानव श्रृंखला बनाने के लिए धूप में घंटों खड़ा किया गया। उन्होंने दावा किया कि भीड़ स्वतःस्फूर्त नहीं थी, बल्कि दबाव बनाकर जुटाई गई।
उन्होंने भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम के मंच पर नजर न आने पर भी सवाल उठाए और इसे राजनीतिक संकेत बताया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाते हुए जनता के मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से अब तक केंद्र और राज्य सरकार उत्तराखंड की जनता को केवल वादे दिखाने का काम कर रही है।


No Previous Comments found.