बाबा नीब करौरी पर फिल्म का पोस्टर लॉन्च, धामी बोले- नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 13 Apr, 2026 05:06 PMदेहरादून, 13 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और मानवता के उच्च आदर्शों को समाज तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास है। यह नई पीढ़ी को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने फिल्म से जुड़े कलाकारों, निर्देशक और निर्माता दल को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का दिव्य जीवन आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी शिक्षाएं सरलता, करुणा, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश देती हैं, जो वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित ऐसे प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण तथा प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस प्रकार की फिल्में समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह फिल्म दर्शकों के बीच आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करेगी और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाएगी।
इस अवसर पर योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर एवं अन्य कलाकार उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.