उत्तराखंड : चारधाम यात्रा से पहले मजबूत हुई गैस आपूर्ति व्यवस्था, यात्रियों को नहीं होगी कोई दिक्कत
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 1 Apr, 2026 10:28 PMदेहरादून। आगामी चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने गैस आपूर्ति को लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर कमर्शियल एलपीजी सिलेण्डरों की बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग ने अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध करने का निर्णय लिया है।
मुख्य सचिव के निर्देशों के क्रम में विभाग ने विस्तृत आकलन कर लिया है और भारत सरकार को भेजे जाने वाले प्रस्ताव को अंतिम रूप दे दिया गया है, ताकि यात्रा के दौरान गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए। इस संबंध में सचिव आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में चारधाम यात्रा के दौरान संभावित मांग, भंडारण क्षमता, आपूर्ति श्रृंखला, परिवहन व्यवस्था और वितरण तंत्र की गहन समीक्षा की गई।
सचिव आनंद स्वरूप ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान प्रदेश में लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, जिससे होटल, धर्मशाला, ढाबा, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में एलपीजी की खपत तेजी से बढ़ती है। इसे देखते हुए विभाग आपूर्ति तंत्र को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठा रहा है। उन्होंने तेल कंपनियों को निर्देश दिए कि गैस आपूर्ति हर स्थिति में सुचारू, संतुलित और निर्बाध बनी रहे तथा अग्रिम योजना के तहत पर्याप्त स्टॉक और लॉजिस्टिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग और अन्य अनियमितताओं पर सख्त निगरानी रखी जाए और प्रदेशभर में सघन प्रवर्तन अभियान जारी रखा जाए। स्पष्ट किया गया कि जनहित से जुड़े इस विषय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी। साथ ही, डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि परिवहन और आपात सेवाओं पर कोई असर न पड़े।
साढ़े नौ लाख से अधिक सिलेण्डरों की जरूरत का अनुमान
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से नवंबर तक प्रदेश के लगभग 14,901 पंजीकृत होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में एलपीजी की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि का अनुमान है। इस अवधि में करीब 9,67,950 कमर्शियल सिलेण्डरों की आवश्यकता आंकी गई है। इसी के अनुरूप अतिरिक्त आवंटन के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया जा रहा है।
आपूर्ति में सुधार, दोगुनी हुई दैनिक उपलब्धता
सचिव ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में ऑयल कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। पहले जहां प्रतिदिन लगभग 3,000 सिलेण्डरों की आपूर्ति हो रही थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 6,000 से अधिक कर दिया गया है। विभागीय प्रयासों और कंपनियों के साथ समन्वय के चलते मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन स्थापित करने में सफलता मिली है।
कालाबाजारी पर सख्ती, 16 एफआईआर और 7 गिरफ्तार
कालाबाजारी और ओवरचार्जिंग पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। 31 मार्च 2026 तक प्रदेशभर में 5,389 निरीक्षण और 87 छापेमारी की गईं। इस दौरान 16 एफआईआर दर्ज की गईं और 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जांच अभियान में 699 गैस सिलेण्डर और 168 कमर्शियल सिलेण्डर जब्त किए गए, साथ ही अन्य उपकरण भी बरामद हुए। इसके अलावा करीब 1,01,300 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
बैठक में अपर आयुक्त पीएस पांगती, आईओसीएल के डिवीजनल हेड स्वर्ण सिंह, बीपीसीएल के टेरिटरी मैनेजर जेएल प्रसन्ना और एचपीसीएल के चीफ रीजनल मैनेजर पंकज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


No Previous Comments found.