काशीपुर में चैती मेले का शुभारंभ, सीएम धामी ने मंदिर विकास और सौंदर्यीकरण की घोषणा की
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 30 Mar, 2026 10:15 PMकाशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को काशीपुर स्थित मां बाल सुंदरी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश के चहुंमुखी विकास और सुख-शांति की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने मंदिर प्रांगण में आयोजित भजन संध्या का दीप प्रज्ज्वलित कर चैती मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चैती मेला कोष से मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं परिसर के समग्र विकास की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने चैती मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक मेला नहीं, बल्कि लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का जीवंत उत्सव है। उन्होंने कहा कि मेले में पारंपरिक उत्पादों के स्टॉल और स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इसे विशेष बनाती हैं। यह आयोजन क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई दिशा देगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और काशीपुर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर में 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है। इसके अलावा काशीपुर-रामनगर राजमार्ग को चार लेन में अपग्रेड करने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है तथा 3 किलोमीटर लंबा मिनी बाईपास भी शुरू हो चुका है।
उन्होंने बताया कि 4 करोड़ रुपये की लागत से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का निर्माण किया गया है और 7 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से काशीपुर, हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक शुरू किए गए हैं। लगभग 1,950 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर में 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना और 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क परियोजना पर कार्य जारी है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण भी प्रगति पर है। साथ ही चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे एक प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक संतुलन को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून लागू किए गए हैं। ऑपरेशन कालनेमि के तहत सनातन धर्म को बदनाम करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर दीपक बाली सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


No Previous Comments found.