चैत्र नवरात्र: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के माँ कालिका मंदिर में की पूजा-अर्चना
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 23 Mar, 2026 08:41 PMदेहरादून: चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून स्थित माँ कालिका मंदिर, पलटन बाजार में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए माँ भगवती से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है, जो समाज को सकारात्मक ऊर्जा, आत्मबल और एकता का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुखद, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना करते हुए माँ कालिका का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूद रही। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग तक लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि माँ भगवती की कृपा से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के पुनरोद्धार के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पुनर्जागरण के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या राम मंदिर के भव्य निर्माण को देश की आस्था और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बताया। साथ ही, बद्रीनाथ धाम के मास्टर प्लान के तहत हो रहे पुनर्विकास कार्यों और केदारनाथ धाम में आपदा के बाद हुए पुनर्निर्माण को विश्वस्तरीय उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और धार्मिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है। साथ ही स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी प्रकार का जनसंख्या असंतुलन नहीं होने दिया जाएगा और मूल संस्कृति की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
मुख्यमंत्री ने “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि माँ भगवती की कृपा से देश तेजी से प्रगति कर रहा है और इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इसमें सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.