सारा की उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक सम्पन्न, सॉन्ग और कमल नदी पुनर्जीवन परियोजनाओं की समीक्षा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 Mar, 2026 04:42 PMदेहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (SARA) की उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विश्व बैंक पोषित जलागम विकास, जल निकायों के पुनर्जीवन, वृक्षारोपण, पारंपरिक नौलों-धारों के संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में देहरादून की सॉन्ग नदी तथा उत्तरकाशी की कमल नदी से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इसके साथ ही 23 अप्रैल 2025 को आयोजित सारा की पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने सॉन्ग नदी से जुड़े क्षेत्रों का विस्तृत चिन्हीकरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां सुधार और हस्तक्षेप की आवश्यकता है, उन स्थानों को चिन्हित कर चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि चिन्हित क्षेत्रों के आधार पर आवश्यक कार्यों का निर्धारण कर संबंधित कार्यदायी संस्था द्वारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परियोजना के क्रियान्वयन के बाद उसके प्रभाव का वैज्ञानिक मूल्यांकन कराया जाए। इसके लिए आईआईटी रुड़की जैसे तकनीकी संस्थानों के सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने सारा की बैठकें नियमित अंतराल पर आयोजित करने और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाटर रिचार्ज, वनीकरण तथा पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने सभी जनपदों को निर्देश दिए कि पौराणिक और पारंपरिक नौलों और धारों का चिन्हीकरण कर उनकी नैसर्गिक संरचना को सुरक्षित रखते हुए वैज्ञानिक तरीकों से आवश्यक उपचार किया जाए, ताकि उनकी प्राकृतिकता बनी रहे और पारिस्थितिकी तंत्र पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
इसके अलावा वन क्षेत्रों में कैंपा (CAMPA) फंड के माध्यम से विभिन्न विभागों के समन्वय (कन्वर्जेंस) से जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, सी. रविशंकर, अपर सचिव हिमांशु खुराना, अपूर्वा पांडेय, कहकशां नसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.