उत्तराखंड में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड का अलर्ट, सात जिलों में प्रशासन हाई अलर्ट पर
सीएम धामी के निर्देश पर राहत-बचाव दल तैनात, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी; लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 30 Jul, 2026 10:05 PMदेहरादून, 30 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से 31 जुलाई के लिए जारी पूर्वानुमान के मद्देनजर उत्तराखंड सरकार ने सात पर्वतीय जिलों में प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा, जलभराव और फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की आशंका जताई है।
आईएमडी के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने संबंधित जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में एसईओसी ने सभी जिलाधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों की व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि जनपद स्तर पर राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखा जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
राज्य सरकार ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, स्थानीय प्रशासन को सक्रिय बनाए रखने तथा भूस्खलन या अन्य कारणों से मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल खोलने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, बीआरओ और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।
प्रशासन को विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी आवश्यक निर्णय लेने के लिए अधिकृत होंगे। पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी प्राप्त करने के बाद ही यात्रा करने तथा अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी सभी चेतावनियों एवं एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल-फ्री नंबर 1070, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 1077 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क करने का आग्रह किया।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त एहतियाती कदम भी उठाए जाएंगे।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#उत्तराखंड #मौसमअलर्ट #भारीबारिश #फ्लैशफ्लड #IMD #PushkarSinghDhami #आपदाप्रबंधन #देहरादून #उत्तराखंडसमाचार



No Previous Comments found.