चम्पावत की सीएम घोषणाओं पर सख्ती, प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु ने तय की साप्ताहिक समीक्षा व्यवस्था

समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर, विभागाध्यक्षों और सचिवों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 27 Jul, 2026 06:32 PM
चम्पावत की सीएम घोषणाओं पर सख्ती, प्रमुख सचिव रमेश कुमार सुधांशु ने तय की साप्ताहिक समीक्षा व्यवस्था

देहरादून। मुख्यमंत्री घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर उत्तराखंड सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। प्रमुख सचिव (वित्त) रमेश कुमार सुधांशु ने सोमवार को सचिवालय में चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा में पूरा किया जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव ने विभागाध्यक्षों को प्रत्येक सप्ताह तथा विभागीय सचिवों को प्रत्येक 15 दिन में मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों में नोडल अधिकारी नामित कर सीएम घोषणा पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट करने को कहा।

उन्होंने वर्ष 2021 से अब तक की लंबित घोषणाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि जिन घोषणाओं के शासनादेश अभी तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें शीघ्र जारी किया जाए। साथ ही जिन घोषणाओं को समायोजित अथवा विलोपित किया जाना है, उनकी प्रक्रिया भी आपसी समन्वय से जल्द पूरी कर घोषणा सेल को सूचना उपलब्ध कराई जाए।

गोल्ज्यू कॉरिडोर और जिम कॉर्बेट ट्रेल परियोजना को गति

बैठक में बताया गया कि गोलू देवता, घोड़ाखाल और चितई को जोड़कर प्रस्तावित विशेष गोल्ज्यू कॉरिडोर को व्यय वित्त समिति की संस्तुति और मुख्यमंत्री की मंजूरी मिल चुकी है। प्रमुख सचिव ने इस संबंध में पत्रावली वित्त विभाग को शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।

वहीं चम्पावत में प्रस्तावित जिम कॉर्बेट ट्रेल परियोजना के लिए कार्यदायी संस्था बदलकर लोक निर्माण विभाग के स्थान पर उत्तराखंड राज्य अवस्थापना विकास निगम (ब्रिडकुल) को जिम्मेदारी दी गई है। प्रमुख सचिव ने इसका शासनादेश तत्काल जारी करने और एक सप्ताह के भीतर डीपीआर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि चूका ट्रेक रूट के सुदृढ़ीकरण का कार्य आंशिक रूप से पूरा हो चुका है।

सीवर, खेल मैदान और बिजली परियोजनाओं की भी समीक्षा

प्रमुख सचिव ने जिलाधिकारी चम्पावत को नगर क्षेत्र में सीवर लाइन कार्य का यूयूएसडीए के साथ परीक्षण कर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने:

  • जवाहर नवोदय विद्यालय, लटौली में खेल मैदान विस्तार के लिए आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र भेजने,
  • हनुमान मंदिर मेला स्थल के सौंदर्यीकरण संबंधी प्रकरण पर्यटन एवं धर्मस्व विभाग को भेजने,
  • नारियाल गांव में एबीसी सेंटर (श्वान बंध्याकरण केंद्र) की स्थापना पर शीघ्र निर्णय लेने,
  • टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में 220/33 केवी विद्युत उपकेंद्र परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने तथा
  • पारेषण लाइन के लिए वन भूमि के गैर-वानिकी उपयोग की स्वीकृति संबंधी कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि गुरु गोरखनाथ धाम में गोरखनाथ मंदिर सड़क चौड़ीकरण तथा चम्पावत रोडवेज स्टेशन पर आधुनिक मल्टी स्टोरी पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

बैठक में विभिन्न विभागों के सचिवों, अपर सचिवों, प्रमुख वन संरक्षक, जिलाधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2