मसूरी विधानसभा की क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द होगी मरम्मत, मंत्री गणेश जोशी ने दिए सख्त निर्देश

बरसात में लोगों को राहत देने के लिए समयबद्ध कार्रवाई पर जोर, जर्जर बिजली के पोल और लटकते तार बदलने के भी निर्देश

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 27 Jul, 2026 04:15 PM
मसूरी विधानसभा की क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द होगी मरम्मत, मंत्री गणेश जोशी ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में नगर निगम, एडीबी (एशियन डेवलपमेंट बैंक) और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मसूरी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई और स्थानीय समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क मरम्मत से जुड़े लंबित इस्टीमेट जल्द स्वीकृत कराने और बिना देरी के निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम, एडीबी और विद्युत विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर दिया।

बैठक में कैबिनेट मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पुराने और जर्जर बिजली के पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने तथा ढीले और लटकते बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और बिजली से जुड़े संभावित खतरों को समय रहते दूर किया जाना चाहिए।

गणेश जोशी ने कहा कि सभी विभाग समन्वित तरीके से कार्य करें, ताकि विकास कार्यों में तेजी आए और क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक में नंदनी शर्मा, सुरेंद्र राणा, मोहन बहुगुणा, प्रदीप रावत, भावना चौधरी, योगेश घाघट, संजय नौटियाल, सहायक नगर आयुक्त विनय प्रताप, अधीक्षण अभियंता (विद्युत) राहुल जैन सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2