योग प्रशिक्षकों का मानदेय दोगुना करने की तैयारी, आयुष मंत्री मदन कौशिक ने दिए कई अहम निर्देश

राष्ट्रीय आयुष मिशन की समीक्षा बैठक में रुड़की, ऋषिकुल-गुरुकुल, पिरान कलियर और पर्वतीय जिलों में आयुष सुविधाओं के विस्तार पर जोर

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 23 Jul, 2026 07:04 PM
योग प्रशिक्षकों का मानदेय दोगुना करने की तैयारी, आयुष मंत्री मदन कौशिक ने दिए कई अहम निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड के आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने गुरुवार को विधानसभा स्थित अपने कार्यालय में राष्ट्रीय आयुष मिशन (NAM) की समीक्षा बैठक कर विभागीय अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में योग प्रशिक्षकों के मानदेय में वृद्धि, आयुष संस्थानों के सुदृढ़ीकरण, नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, यूनानी चिकित्सालय के निर्माण और विभिन्न लंबित परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत योग अनुदेशकों को वर्तमान में 250 रुपये प्रति घंटा मानदेय दिया जा रहा है। इसे बढ़ाकर 500 रुपये प्रति घंटा किए जाने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा जाए।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरिद्वार जनपद के रुड़की में एलोपैथिक विभाग के नए भवन के तैयार होने के बाद पुराने भवन को आयुष विभाग को हस्तांतरित कराने के लिए आवश्यक पत्राचार और कार्रवाई की जाए।


मदन कौशिक ने हरिद्वार स्थित ऋषिकुल और गुरुकुल आयुर्वेद मेडिकल कॉलेजों के उन्नयन के लिए राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत वित्तीय सहायता का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश के दो पर्वतीय जनपदों का चयन कर वहां नए आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में अग्रिम कार्रवाई करने को कहा।


बैठक में पिरान कलियर में प्रस्तावित यूनानी चिकित्सालय का मुद्दा भी उठा। मंत्री ने बताया कि पहले चिन्हित भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग की जद में आने के कारण अस्पताल भवन का निर्माण नहीं हो सका। उन्होंने अधिकारियों को वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने तथा भवन निर्माण के लिए बजट प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।


राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने जाखनीधार स्थित 50 बेड वाले ध्वस्त चिकित्सालय के पुनर्निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने जांच समिति गठित कर कार्यदायी संस्था से आवश्यकता अनुसार धनराशि की वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


उन्होंने पीपलकोटी स्थित जर्जर आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवन के संबंध में संबंधित जिलाधिकारी से समन्वय कर वहां कार्यरत स्टाफ को अस्थायी रूप से किसी अन्य भवन में स्थानांतरित करने को कहा।


मंत्री ने अधिकारियों से प्रदेश के सभी आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्रों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि समय-समय पर उनका निरीक्षण किया जा सके।


इसके अलावा आयुष विभाग के अंतर्गत पंचकर्म सहायक, फार्मेसी अधिकारी और योग प्राकृतिक चिकित्सा सहायक पदों पर नियुक्त कार्मिकों को एक सप्ताह के भीतर प्रमाणपत्र वितरित करने के निर्देश दिए गए।


बैठक में हड़ताल पर रहे कर्मचारी संघ की मांगों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों से सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए संघ की अधिकांश मांगों पर शीघ्र और समुचित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।


बैठक में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की सचिव रंजना राजगुरु, संयुक्त सचिव महावीर सिंह, निदेशक आर.के. सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


#Uttarakhand #Ayush #MadanKaushik #NationalAyushMission #Yoga #Ayurveda #Haridwar #Roorkee #HealthNews #Yugvarta

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2