देहरादून-मसूरी मार्ग का मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण, युद्धस्तर पर पुनर्निर्माण के दिए निर्देश
अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त पानी वाले बैण्ड क्षेत्र का लिया जायजा, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Jul, 2026 05:15 PMदेहरादून। अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हुए देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग का बुधवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पानी वाले बैण्ड के समीप प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेते हुए जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग के पुनर्निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि देहरादून और मसूरी के बीच यातायात जल्द से जल्द पूरी तरह सामान्य हो सके। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समय में मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए।
मंत्री ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जहां वाहनों के दलदल में फंसने की आशंका है, वहां तत्काल पत्थर, गिट्टी अथवा अन्य आवश्यक सामग्री डालकर मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि दुर्घटनाओं की संभावनाओं को न्यूनतम करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती उपाय तत्काल किए जाएं।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा मार्ग को जल्द से जल्द पूरी तरह चालू कराने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#देहरादून #मसूरी #गणेशजोशी #पीडब्ल्यूडी #उत्तराखंड #बारिश #सड़क #यातायात #उत्तराखंडसमाचार #देहरादूनमसूरी



No Previous Comments found.