मंदिर समिति अध्यक्ष का कांग्रेस पर पलटवार, बोले- ‘जांच प्रभावित करने की कोशिश न करें’
हेमंत द्विवेदी ने गणेश गोदियाल के आरोपों को बताया निराधार, कहा- चोरी प्रकरण में दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 20 Jul, 2026 06:59 PMदेहरादून, 20 जुलाई। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि मंदिर समिति में सामने आए चोरी और अनियमितताओं के मामलों की निष्पक्ष जांच चल रही है और दोषी चाहे कोई भी हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना तथ्यों और प्रमाणों के बयान देकर जांच को प्रभावित करने तथा दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में द्विवेदी ने कहा कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं और इन्हें राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंदिर समिति से जुड़े मामलों की एसआईटी, विभागीय जांच और राज्य स्तर पर आयुक्त की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच जारी है।
द्विवेदी ने कहा कि गणेश गोदियाल द्वारा यह दावा किया गया कि गिरफ्तार आरोपी ने “ऊपर से निर्देश मिलने” की बात कही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह जानकारी गोदियाल को कहां से मिली। उनके अनुसार यदि ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं है, तो इस तरह के बयान जांच को प्रभावित करने का प्रयास माने जा सकते हैं।
उन्होंने दोहराया कि मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े मामलों में किसी भी दोषी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। उनका कहना था कि सरकार की मंशा पूरे मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और सच्चाई सामने लाने की है।
पत्रकार वार्ता के दौरान द्विवेदी ने गणेश गोदियाल के बीकेटीसी अध्यक्ष रहने के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय मंदिर समिति के संसाधनों और धन का दुरुपयोग हुआ तथा नियुक्तियों और पदोन्नतियों में नियमों की अनदेखी की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि तत्कालीन कार्यकाल से जुड़े कई बिंदुओं का उल्लेख पूर्व में हुई जांच रिपोर्टों में किया गया है।
द्विवेदी ने कहा कि उनके कार्यकाल में मंदिर समिति का पूरा स्टाफ यात्रा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मैदान में तैनात किया गया तथा उन्होंने व्यक्तिगत उपयोग के लिए समिति के कर्मचारियों को अपने साथ नहीं रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व कार्यकाल में समिति के संसाधनों का निजी और राजनीतिक गतिविधियों में उपयोग किया गया।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने हाल के राजनीतिक कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया और कहा कि विपक्ष गंभीर मामलों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने दी जानी चाहिए और उसके बाद तथ्य स्वयं सामने आ जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मंदिर समिति की प्राथमिकता बदरी-केदार धाम की गरिमा, श्रद्धालुओं का विश्वास और प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखना है। यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी तथा मीडिया संपर्क संयोजक हरीश चमोली भी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.