देहरादून में उफनती नदी के बीच टापू पर फंसे सात लोगों को एसडीआरएफ ने सुरक्षित बचाया
संतला देवी मंदिर के पास अचानक बढ़ा नदी का जलस्तर, साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सकुशल निकाला
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Jul, 2026 09:23 PMदेहरादून। लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून के संतला देवी मंदिर क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा टल गया। थाना कैंट क्षेत्र के अंतर्गत नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बीच में बने टापू पर फंसे सात लोगों को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने साहसिक अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना सीसीआर देहरादून के माध्यम से एसडीआरएफ को मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज हो गया था। चारों ओर से उफनती धारा से घिरे सातों लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए थे और उनके लिए स्वयं बाहर निकलना संभव नहीं था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव, फिसलन भरे तट और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से टापू तक पहुंच बनाई और सभी लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई, पेशेवर दक्षता और बेहतर समन्वय के चलते संभावित जनहानि टल गई और सभी सात लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।
रेस्क्यू किए गए लोगों के नाम
- मुकेश (35), निवासी बल्लीवाला
- सुशील (36), निवासी सीमा द्वार
- प्रेम कुमार (27), निवासी सीमा द्वार
- रोशन गुप्ता (32), निवासी सीमा द्वार
- राजीव (30), निवासी सीमा द्वार
- पवन सिंह (25), निवासी सीमा द्वार
- सूरज साहनी (30), निवासी सीमा द्वार
प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Dehradun #SDRF #RescueOperation #Uttarakhand #HeavyRain #DisasterManagement #SantalaDevi #RainAlert #YugvartaNews



No Previous Comments found.