कारगिल विजय दिवस समारोह की तैयारियों का गणेश जोशी ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

25 जुलाई को होगी ‘रन फॉर कारगिल हीरोज़’, 26 जुलाई के राज्य स्तरीय समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 18 Jul, 2026 09:56 PM
कारगिल विजय दिवस समारोह की तैयारियों का गणेश जोशी ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को देहरादून स्थित गांधी पार्क पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और संभावित बारिश को देखते हुए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि समारोह का आयोजन व्यवस्थित और सम्मानजनक ढंग से किया जा सके।

गणेश जोशी ने कहा कि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और अनुशासन की भावना से ओत-प्रोत होने चाहिए, जिससे कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सके।

उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को कारगिल शहीदों की स्मृति में ‘रन फॉर कारगिल हीरोज़’ का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ शौर्य स्थल, चीड़बाग से शुरू होकर गांधी पार्क में समाप्त होगी। मंत्री ने युवाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इसमें भाग लेकर कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की।

उन्होंने जानकारी दी कि 26 जुलाई को गांधी पार्क में आयोजित राज्य स्तरीय कारगिल विजय दिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए उत्तराखंड के वीर सैनिकों के परिजनों, वीर नारियों और वीर माताओं को सम्मानित किया जाएगा।

सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और बलिदान का प्रतीक है। यह दिन युवाओं में राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का भी अवसर है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह को भव्य और यादगार बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर सचिव एवं निदेशक सैनिक कल्याण श्याम सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#KargilVijayDiwas #KargilHeroes #GaneshJoshi #Dehradun #Uttarakhand #IndianArmy #RunForKargilHeroes #ShauryaDiwas #YugvartaNews


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2