बीकेटीसी में अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई: अध्यक्ष कार्यालय के व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल निलंबित, जांच समिति गठित
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 7 Jul, 2026 09:09 PMदेहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने प्रशासनिक अनुशासन और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। समिति ने उनके विरुद्ध प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद यह कार्रवाई की है।
बीकेटीसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रमोद नौटियाल के खिलाफ पदीय दायित्वों के निर्वहन में कथित अनियमितताओं को लेकर 3 जुलाई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया।
समिति के अनुसार, कर्मचारी द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण और जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट का परीक्षण करने पर आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जांच पूरी होने तक उन्हें वर्तमान पद पर बनाए रखने से जांच की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है।
इन्हीं तथ्यों के आधार पर बीकेटीसी ने प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, ताकि जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
बीकेटीसी के आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान प्रमोद नौटियाल को नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) दिया जाएगा। साथ ही उन्हें बीकेटीसी कार्यालय, जोशीमठ (जनपद चमोली) से संबद्ध किया गया है। निलंबन अवधि में वे सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे तथा जांच एवं अनुशासनात्मक कार्यवाही में पूर्ण सहयोग देना उनके लिए अनिवार्य होगा।
बीकेटीसी ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि समिति प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। समिति ने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कर्तव्य में लापरवाही के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और प्रशासनिक व्यवस्था को निष्पक्ष एवं उत्तरदायी बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।



No Previous Comments found.