उत्तराखंड : हरेला जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश, क्लस्टर स्कूलों में जल्द मिलेगी परिवहन सुविधा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 7 Jul, 2026 06:30 PM
उत्तराखंड : हरेला जन-जन तक पहुंचाने का निर्देश, क्लस्टर स्कूलों में जल्द मिलेगी परिवहन सुविधा

देहरादून, 7 जुलाई। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर हरेला पर्व के व्यापक आयोजन और क्लस्टर विद्यालयों की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरेला केवल सरकारी कार्यक्रम न रहकर जनभागीदारी का उत्सव बने, इसके लिए सभी जनपद विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि हरेला पर्व को अधिक से अधिक लोगों से जोड़ने के लिए स्कूलों, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), न्याय पंचायतों, ग्राम पंचायतों तथा स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के इस पर्व को पूरे प्रदेश में वृहद स्तर पर मनाया जाए।

बैठक में प्रदेश में क्लस्टर विद्यालयों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य क्लस्टर विद्यालयों के माध्यम से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि चिन्हित क्लस्टर विद्यालयों में से ऐसे विद्यालय, जहां कम समय में व्यवस्थाएं विकसित की जा सकती हैं, उन्हें पहले चरण में शुरू किया जाए। साथ ही क्लस्टर विद्यालयों को सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आयुक्तों को क्लस्टर विद्यालयों की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि नई व्यवस्था का लाभ जल्द से जल्द छात्रों तक पहुंच सके।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव नितेश कुमार झा, रविनाथ रमन, डॉ. वी. षणमुगम, चंद्रेश कुमार यादव, विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2