युवा शक्ति से बनेगा विकसित उत्तराखंड, युवाओं के सपनों के साथ खड़ी है सरकार : धामी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 28 Jun, 2026 08:09 PMरुड़की। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने रुड़की में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में प्रदेश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड और भारत के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत युवा हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और प्रतिभा ही विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सबसे सशक्त स्तंभ मानते हुए स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी अनेक योजनाएं शुरू की हैं, जो युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगार सृजक बना रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है जहां युवाओं को रोजगार और अवसरों के लिए पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज जैसे प्रयास स्थानीय उत्पादों और युवाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान दिला रहे हैं। इसके अलावा स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की प्रभावी नीतियों के कारण उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। साथ ही NITI Aayog के सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में रिवर्स माइग्रेशन का सकारात्मक माहौल बन रहा है और युवा अपने अनुभव के साथ वापस लौटकर उद्यमिता को बढ़ावा दे रहे हैं।
धामी ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। प्रदेश में लागू देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून के कारण भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है। इसके साथ ही प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब और परीक्षा भवनों के निर्माण के जरिए उच्च शिक्षा के ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधे संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि साइबर सेल लगातार सक्रिय है और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि मेले में ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नवाचार अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर युवा के सपनों को साकार करने के लिए उनके साथ मजबूती से खड़ी है।



No Previous Comments found.