उत्तरांचल पंजाबी महासभा का पुनर्गठन, करण मल्होत्रा बने अध्यक्ष; प्रदीप बत्रा ने की नई टीम की घोषणा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 23 Jun, 2026 06:12 PMदेहरादून। उत्तराखंड में पंजाबी समाज को संगठित करने और समाज के हितों को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए Uttaranchal Punjabi Mahasabha का पुनर्गठन कर नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई। यह घोषणा Pradeep Batra की अध्यक्षता में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में की गई, जिसमें सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों के नामों पर मुहर लगाई गई।
दरअसल, महासभा के पुनर्गठन और पुनर्संरचना को लेकर 11 मई को प्रदीप बत्रा के आवास पर बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें एक कोर कमेटी का गठन किया गया था। इसके बाद कई दौर की बैठकों और विचार-विमर्श के बाद कोर कमेटी ने नई टीम के गठन को अंतिम रूप दिया।
नई कार्यकारिणी में हरिद्वार के करण मल्होत्रा को अध्यक्ष, रुद्रपुर के राज कुमार फुटेला को महासचिव, देहरादून के पंकज मैसोन को गढ़वाल अध्यक्ष, रुद्रपुर के हरीश जल्होत्रा को कुमाऊं अध्यक्ष, कोटद्वार के अनिल भोला और गदरपुर के राजेश डाबर को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं देहरादून के पी.एस. कोचर को कोषाध्यक्ष, रुड़की के संजय अरोरा और काशीपुर के मुकेश चावला को सचिव, जबकि बलदेव पराशर को देहरादून महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नई महासभा के गठन के बाद उपस्थित सदस्यों ने पंजाबी समाज की संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और समाज के उत्थान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इससे पहले महासभा के निवर्तमान अध्यक्ष राजीव घई को समाज के लिए उनके योगदान और सेवाओं के लिए पगड़ी और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा जताई गई। सम्मान के बाद भावुक हुए राजीव घई ने समाज के सभी लोगों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने महासभा के पुनर्गठन पर खुशी जताते हुए पंजाबी समाज से एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को सकारात्मक सोच के साथ न केवल अपने समुदाय के हित में बल्कि उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
Shiv Arora ने कहा कि महासभा के पुनर्गठन के प्रयास लंबे समय से किए जा रहे थे, जो अब प्रदीप बत्रा के माध्यम से सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने देश की आजादी से लेकर आज तक प्रदेश और देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और यह सेवा भावना आने वाली पीढ़ियों तक जारी रहेगी।
उन्होंने Pushkar Singh Dhami द्वारा पंजाबी समाज से प्रदीप बत्रा को मंत्रिमंडल में स्थान देने पर भी आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में दिनेश मानसेरा, मंजीत सिंह राजू, दीपक बाली, सुरेंद्र सिंह नामधारी, सुभाष सरीन, दीपक अरोरा, प्रमोद जोहार, डी.एस. मान और राजीव सच्चर सहित कई गणमान्य लोगों ने समाज की एकता और पंजाबी संस्कृति के संरक्षण को लेकर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में प्रदीप बत्रा ने बड़ी संख्या में पहुंचे समाज के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एकजुट समाज ही विकास और सामाजिक सशक्तिकरण की सबसे बड़ी ताकत है।



No Previous Comments found.