पिथौरागढ़ में विकास योजनाओं की समीक्षा, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: भरत सिंह चौधरी
कैबिनेट मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को दिए गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Jun, 2026 05:12 PMपिथौरागढ़, 22 जून। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सोमवार को पिथौरागढ़ जिला सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक कर जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY), पशुपालन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग समेत कई विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की सभी जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ऐसे में सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में विकास कार्यों की प्रगति संतोषजनक है और अधिकांश विभाग पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमांत परिस्थितियों के बावजूद प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी और समर्पण के साथ जनता की सेवा में जुटा है। उन्होंने कहा कि एक-दो विभागों को छोड़कर किसी भी प्रकार की गंभीर शिकायत सामने नहीं आई है, जो प्रशासनिक कार्यप्रणाली की सकारात्मक तस्वीर पेश करता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन दिखाई दे रहा है और सरकार की जवाबदेही, पारदर्शिता तथा जनसंवेदनशीलता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रही है। मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और दूरस्थ व सीमांत क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों और समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। इस पर मंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी जनपद के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक के उपरांत मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक जिले में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
बैठक में विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.