कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही मान ली हार, जीत के दावे सिर्फ सपने : भाजपा उत्तराखंड

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 19 Jun, 2026 07:19 PM
कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही मान ली हार, जीत के दावे सिर्फ सपने : भाजपा उत्तराखंड

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के हालिया दौरों और चुनावी दावों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही हार स्वीकार कर ली है और उसके जीत के दावे केवल “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” बनकर रह गए हैं।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस इस समय गहरी निराशा और हताशा में है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व उत्तराखंड में पार्टी की कमजोर स्थिति को भांप चुका है, यही वजह है कि उसके बड़े नेता राज्य में सक्रियता दिखाने के बजाय दूरी बना रहे हैं।

परिहार ने कहा कि हाल ही में राहुल गांधी उत्तराखंड आए, लेकिन प्रदेश की जमीनी हकीकत समझने के बाद बिना कार्यकर्ताओं से मिले ही वापस लौट गए। अब यही स्थिति कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा की भी है, जिन्हें यह अहसास हो गया है कि प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति मजबूत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली से आने वाले कांग्रेस नेताओं को यह स्पष्ट हो चुका है कि वे उत्तराखंड में पार्टी को दोबारा खड़ा करने की स्थिति में नहीं हैं।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेता उत्तराखंड को न तो भारत जोड़ो यात्रा जैसे अभियानों से जोड़ते हैं और न ही जनता के बीच जाकर सीधे संवाद करने की हिम्मत जुटा पा रहे हैं। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार झूठ, भ्रम और अफवाह फैलाने की राजनीति करती रही है, लेकिन उत्तराखंड की जागरूक जनता हर चुनाव में उसे जवाब देती आई है।

कुंदन परिहार ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के “झूठ के गुब्बारे में अब इतने छेद हो चुके हैं कि उसमें दोबारा हवा भरना नामुमकिन है।” उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनता के बीच जाने के लिए अब कोई नैतिक आधार नहीं बचा है।

भाजपा की तैयारियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर भाजपा जनता के बीच आशीर्वाद लेने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता एक बार फिर विकास विरोधी ताकतों को नकारते हुए भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताएगी।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2