“कोई पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे, सभी दल करें सहयोग” : मुख्य निर्वाचन अधिकारी
- विशेष गहन पुनरीक्षण में राजनैतिक दलों से की सहयोग की अपील - ASDD श्रेणी में अबतक 76 हजार से अधिक मतदाता चिन्हित - राजनैतिक दलों के BLA करें ASDD मतदाताओं को खोजने का प्रयास
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Jun, 2026 06:32 PMदेहरादून, 18 जून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में गणना फार्म वितरण का कार्य 99 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है, जबकि अब तक 20 प्रतिशत गणना फार्म का डिजिटाइजेशन भी किया जा चुका है। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से दैनिक लक्ष्य के आधार पर डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि 8 जून से शुरू हुए इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की फील्ड विजिट में अब तक 76 हजार 754 मतदाताओं को ASDD श्रेणी में चिन्हित किया गया है। उन्होंने राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि उनके बूथ लेवल एजेंट (BLA) आगामी 7 जुलाई से पहले इस सूची के आधार पर संबंधित मतदाताओं को खोजने में BLO का सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से अपमार्जित न हो।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर SIR प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी, जबकि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। इसके बाद 11 सितंबर तक सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में कुल 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 22,900 से अधिक BLA की तैनाती की जा चुकी है, जो इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी और CPI(M) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.