मोदी जी के निर्वाचित प्रधानमंत्री का गौरवशाली इतिहास, भारत के स्वर्णिम दौर का आगाज : भट्ट
देवभूमि की देवतुल्य जनता और कार्यकर्ताओं की तरफ से पीएम मोदी को ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई : भट्ट
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Jun, 2026 11:20 PMदेहरादून 9 जून। भाजपा ने पीएम मोदी द्वार सृजित सर्वाधिक लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के गौरवशाली इतिहास को भारत का स्वर्णिम दौर का आगाज बताया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इस ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व अवसर पर देवभूमि की देवतुल्य जनता और कार्यकर्ताओं की और से बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उनके ऐतिहासिक नेतृत्व के ये 12 वर्ष, देश की तरह उत्तराखंड के भी विकास और रूपांतरण को समर्पित रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के विशेष लगाव और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही उत्तराखंड, आज देश के अग्रणी और आत्मनिर्भर राज्यों की कतार में खड़ा हुआ है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि कल मोदी जी लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। उनके इस गौरवशाली कार्यकाल को सफलतापूर्वक पूरा करने पर देश और प्रदेश में बहुत हर्ष और उत्साह की लहर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का यह कार्यकाल केवल समय की अवधि मात्र नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के पुनर्निर्माण, सांस्कृतिक पुनरुत्थान और अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारने का स्वर्णिम युग है। उन्होंने अपनी दूरदर्शी सोच और कड़े निर्णयों से देश को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और मजबूत बनाया है। इसी बुनियाद पर देश आज पीएम के नेतृत्व में विकसित भारत बनने का सपना साकार करने में जुटा हुआ है। लोकतांत्रिक तरीके से चुनकर आने और देश की अनवरत सेवा करते हुए सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का यह रिकॉर्ड उनकी वैश्विक लोकप्रियता और जन-विश्वास का अनूठा प्रमाण है। इससे पहले उन्होंने पूर्व पीएम श्रीमती गांधी और अब स्वर्गीय नेहरू को पीछे छोड़ा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया की चौथी बड़ी आर्थिक ताकत बना है, कोरोना और वर्तमान वैश्विक युद्ध संकट के भी हम दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था हैं, कई दशकों की सबसे कठिन वैश्विक परिस्थितियों में भी देश की जीडीपी दुनिया में सर्वाधिक 7 प्रतिशत से अधिक है। मोदी जी के कार्यकाल में भारत ने नीतिगत सुधारों, डिजिटल क्रांति और मजबूत विदेश नीति के दम पर विश्व पटल पर एक महाशक्ति के रूप में अपनी पहचान सुदृढ़ की है। उनका यह कार्यकाल अंत्योदय, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना को समर्पित रहा है। देश की जनता ने उनके 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र पर अटूट भरोसा जताया है।
उन्होंने कहा, जहां तक उत्तराखंड की बात है तो प्रधानमंत्री मोदी का देवभूमि से आत्मीय लगाव सर्वविदित हो चुका है। उनके इस कथन ने कि "21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा", राज्य के विकास को एक नई ऊर्जा और दिशा दी है।उनके द्वारा श्री केदारनाथ और श्री बद्रीनाथ धाम समेत राज्य के सभी पावन धामों के कायाकल्प और पुनर्निर्माण का कार्य हुआ है। प्रधानमंत्री के व्यक्तिगत मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ मास्टर प्लान के तहत अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उनके मार्गदर्शन में आज चारधाम यात्रा सुगम, सुरक्षित और भव्य हो चुकी है। केंद्र के सहयोग से आज उत्तराखंड कनेक्टिविटी क्रांति के दौर से गुजर रहा है। ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा को सुगम बनाया का रहा है। वहीं, सामरिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन उत्तराखंड के पहाड़ों में रेल का सपना सच करने जा रही है। सीमांत क्षेत्रों का विकास वायब्रेंट विलेज प्रोग्राम से किया जा रहा है। जिन्हें पहले 'देश का आखिरी गांव' कहा जाता था, प्रधानमंत्री ने उन्हें 'देश का पहला गांव' मानकर इस योजना की शुरुआत की। इससे और अन्य अनेकों योजना से रिवर्स माइग्रेशन और पलायन रोकने को बल मिला है। ऋषिकेश का एम्स का विस्तार और उधमसिंह नगर में एम्स सेटेलाइट सेंटर की स्थापना के साथ-साथ हर जिले में मेडिकल कॉलेजों का विकास स्वास्थ्य सेवाओं में मील का पत्थर साबित हुआ है। इसी तरह वन रैंक-वन पेंशन की दशकों पुरानी मांग को पूरा कर प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के लाखों सैनिक परिवारों को उनका हक दिया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके इस 12 वर्ष का कार्यकाल उत्तराखंड के लिए 'संकल्प से सिद्धि' का काल रहा है। देवभूमि की सवा करोड़ जनता प्रधानमंत्री जी के इस स्नेह और विकासपरक दृष्टिकोण के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगी। वहीं उन्होंने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की है ताकि उनका मार्गदर्शन देश को 'विकसित भारत' के संकल्प पूर्ति की तरफ ले जाता रहे।



No Previous Comments found.