उत्तराखंड: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने टिहरी में विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, पुस्तकालय और स्टेडियम का किया निरीक्षण
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 5 Jun, 2026 03:19 PMटिहरी गढ़वाल, 5 जून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दूसरे दिन बौराड़ी क्षेत्र में स्थित राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र ढुंगीधार, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय एवं बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, पोषण, खेल एवं पुस्तकालय सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना, शैक्षणिक गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं का लगातार मूल्यांकन कर आवश्यक सुधार समयबद्ध रूप से करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रीदेव सुमन पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, अभिलेखों और दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
आंगनबाड़ी केंद्र ढुंगीधार के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने बच्चों की संख्या, खेल सामग्री और पोषण आहार की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की तथा बच्चों का वजन भी मापवाया। इस अवसर पर एएनएम और आशा कार्यकर्त्रियों को निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों और घर-घर जाकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण सुनिश्चित करें।
इसके बाद मुख्य सचिव ने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मध्यान्ह भोजन योजना, बच्चों के लिए उपलब्ध फर्नीचर, उपस्थिति पंजिका और अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। विद्यालय प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की।
मुख्य सचिव ने श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का भी दौरा किया और वहां पुस्तकों, अभिलेखों, पंजीकरण व्यवस्था तथा दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण की स्थिति का अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि यह पुस्तकालय पुरानी टिहरी से विस्थापित होकर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है। पुस्तकालय में राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक की समृद्ध पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध है, जिससे शोधार्थियों, साहित्य प्रेमियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।
बौराड़ी स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण स्थल का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव ने स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा (जकारांडा) के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



No Previous Comments found.