मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए एसआईआर में बीएलओ का सहयोग करें मतदाता: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 24 May, 2026 10:19 PMदेहरादून, 24 मई। Gyanesh Kumar ने उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन रविवार को देहरादून स्थित बीजापुर राज्य अतिथि गृह में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, प्री-एसआईआर तैयारियों और मतदाता जागरूकता अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) का प्रमुख उद्देश्य “अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं” की पहचान कर मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाना है। उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं से आगामी एसआईआर अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि मतदाता अपना नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो उपलब्ध कराएं और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक सहयोग दें।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि प्रदेश में प्री-एसआईआर चरण के अंतर्गत अब तक 89 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि गणना प्रपत्रों की छपाई की तैयारी पूरी हो चुकी है तथा जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ), डिप्टी डीईओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के प्रथम चरण का प्रशिक्षण संपन्न कर लिया गया है। साथ ही बीएलओ एवं अन्य फील्ड स्टाफ का प्रशिक्षण भी जारी है।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर प्रदेशभर में विभिन्न माध्यमों से व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ को राजनीतिक दलों के साथ प्रत्येक सप्ताह बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, नवनियुक्त जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल, सीडीओ अभिनव शाह, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास तथा सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.