“नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और युवा उद्यमिता को देगी नई गति” : धामी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 23 May, 2026 08:06 AMदेहरादून। “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जागृत करने का अभियान है। यह आयोजन पर्यटन, रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति देगा।” यह बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन कार्यक्रम का फ्लैग ऑफ करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने मशाल प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने 31 मई 2026 को आयोजित होने वाली नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के शुभंकर “क्यालु–हिम तेंदुआ” का अनावरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का उत्साह और ऊर्जा यह दर्शाती है कि देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज यहां गूंजते युवाओं के कदम आने वाले समय में नीति घाटी की ऊंचाइयों पर नया इतिहास रचेंगे।
उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है। नीति घाटी जैसे दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में दौड़ने के लिए बुलंद हौसले, हिमालय जैसा अडिग विश्वास और चुनौतियों को स्वीकार करने का साहस जरूरी है। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को देवभूमि उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का “ब्रांड एंबेसडर” बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह विजन कि सीमावर्ती गांव देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले गांव हैं, इस आयोजन के माध्यम से साकार हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 31 मई को नीति घाटी की पावन और दुर्गम धरती पर होने वाला यह आयोजन उत्तराखंड के खेल एवं एडवेंचर टूरिज्म के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय लिखेगा। उन्होंने जानकारी दी कि देश के 27 राज्यों और 2 देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने इस आयोजन के लिए पंजीकरण कराया है, जो इसकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों जैसे अभियानों के माध्यम से खेल एवं फिटनेस को जनआंदोलन बनाया जा रहा है। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र भंडारी सहित अनेक प्रतिभागी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.