देहरादून-किमाड़ी मोटर मार्ग चौड़ीकरण का शिलान्यास, बोले गणेश जोशी—सुगम यातायात से पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 17 May, 2026 04:08 PM
देहरादून-किमाड़ी मोटर मार्ग चौड़ीकरण का शिलान्यास, बोले गणेश जोशी—सुगम यातायात से पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून, 17 मई: गणेश जोशी ने रविवार को गजियावाला में विधानसभा क्षेत्र मसूरी के अंतर्गत देहरादून-किमाड़ी-लम्बीधार-कार्ट मैकेन्जी-कम्पनी गार्डन मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। यह परियोजना किमी-1 से 24 तक (सप्लाई कैन्ट से लम्बीधार-बासागाड-मसूरी) सिंगल लेन मार्ग को इंटरमीडिएट लेन में परिवर्तित करने के लिए शुरू की गई है, जिसमें अतिरिक्त पहाड़ कटान, क्रॉस ड्रेन और सुरक्षा दीवारों का निर्माण भी किया जाएगा। परियोजना की कुल लागत 1455.01 लाख रुपये निर्धारित की गई है।


शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी क्षेत्र के लिए यह सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके चौड़ीकरण से स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क के सुधारीकरण और विस्तार से यातायात अधिक सुगम होगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।


उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि गजियावाला क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल के निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।


गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क संपर्क को मजबूत करने और नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का उल्लेख करते हुए “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान के तहत लोगों से सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी वाहनों के बजाय साइकिल या पैदल चलने को प्राथमिकता दें, जिससे ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान सुनिश्चित किया जा सके।


कार्यक्रम में मंडल महामंत्री किरण, लक्ष्मण सिंह रावत, ग्राम प्रधान सुनील क्षेत्री, ग्राम प्रधान विक्रम थापली, ग्राम प्रधान विनोद अवस्थी, ग्राम प्रधान आरती, जगदीश रेगमी, सीमा पुंडीर, ज्योति कोटिया, लीला शर्मा, वंदना बिष्ट, जितेंद्र राणा, कर्नल सतीश शर्मा (सेनि), युवा मोर्चा महानगर उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, अनुराग सिंह, लोक निर्माण विभाग के ईई राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2