पैठाणी बनेगा व्यावसायिक शिक्षा का नया हब, अगले सत्र से शुरू होंगे बीटेक, बीएड, एमबीए और एमसीए कोर्स

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 11 May, 2026 08:20 PM
पैठाणी बनेगा व्यावसायिक शिक्षा का नया हब, अगले सत्र से शुरू होंगे बीटेक, बीएड, एमबीए और एमसीए कोर्स

पैठाणी/देहरादून, 11 मई 2026। उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी को प्रदेश में व्यावसायिक शिक्षा के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत महाविद्यालय में चरणबद्ध तरीके से आधुनिक एवं उद्योगों की मांग के अनुरूप रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, ताकि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।

सोमवार को राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पैठाणी में राज्य का पहला व्यावसायिक महाविद्यालय स्थापित किया था। अब इसे और अधिक आधुनिक सुविधाओं एवं नए पाठ्यक्रमों से सुसज्जित किया जा रहा है।

उन्होंने घोषणा की कि अगले शैक्षिक सत्र से महाविद्यालय में बीटेक, बीएड, एमबीए और एमसीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि महाविद्यालय में विभिन्न आधुनिक प्रयोगशालाओं के साथ छात्र-छात्राओं के लिए अत्याधुनिक छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही आधुनिक ऑडिटोरियम और प्राचार्य आवास का निर्माण भी पूरा हो चुका है।

डॉ. रावत ने कहा कि छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए महाविद्यालय परिसर में विभिन्न वाद्य यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त ओपन जिम और प्रतीक्षालय के निर्माण की भी योजना है।

इस अवसर पर मंत्री ने महाविद्यालय परिसर में निर्मित “शौर्य दीवार” का अनावरण किया तथा पेयजल टंकी का लोकार्पण किया। उन्होंने महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘बनास’ और रसायन विज्ञान पुस्तक का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. ए.एस. उनियाल, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय अग्रवाल, यूसीएफ अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, भाजपा नेता राजेंद्र टम्टा, जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौडियाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

जनसंपर्क अभियान में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के भ्रमण के दौरान धन सिंह रावत ने पैठाणी एवं आसपास के गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, व्यापारियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर क्षेत्रीय विकास को लेकर सुझाव भी मांगे।

उन्होंने ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर सामाजिक और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर चर्चा की तथा गांवों में नशा और अपराध मुक्त वातावरण बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मंत्री ने युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने पर जोर दिया।

इसके अलावा मंत्री ने पैठाणी स्थित राहु मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2