असम के चाय बागानों का अध्ययन कर उत्तराखण्ड में चाय उत्पादन को नई दिशा देंगे : गणेश जोशी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 7 May, 2026 08:28 PMदेहरादून, 07 मई। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड में उच्च गुणवत्ता वाली चाय उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं और असम के चाय उद्योग के अनुभवों एवं आधुनिक तकनीकों का अध्ययन कर राज्य में चाय उत्पादन को नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि आधारित स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
वीरवार को असम भ्रमण के दौरान कृषि मंत्री गणेश जोशी ने असम के बरपाथार स्थित चाय बागानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चाय बागानों की उत्पादन क्षमता, प्रसंस्करण प्रणाली तथा विपणन व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया। मंत्री ने स्थानीय चाय उत्पादकों, निर्यातकों और विशेषज्ञों के साथ बैठक कर उत्तराखण्ड में चाय उत्पादन को बढ़ावा देने, गुणवत्ता सुधारने और विपणन व्यवस्था को सशक्त बनाने को लेकर चर्चा की।
कृषि मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की जलवायु उच्च गुणवत्ता वाली चाय के उत्पादन के लिए अनुकूल है। उन्होंने कहा कि राज्य की चाय को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विशेष पहचान दिलाने के लिए प्रभावी विपणन रणनीति तैयार की जाएगी, जिससे स्थानीय किसानों को अधिक लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक तकनीकों, बेहतर प्रसंस्करण और मजबूत विपणन नेटवर्क के माध्यम से उत्तराखण्ड के चाय उत्पादकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। राज्य सरकार कृषि और बागवानी आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को सहयोग प्रदान कर रही है।
इस अवसर पर सल्ट विधायक महेश जीना, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, कृषि सचिव डॉ. एसएन पांडेय, चाय निदेशक महेन्द्र पाल, पूजा सुतोदिया, भूपेन डेका, नवीन पांडे सहित अन्य चाय उत्पादक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.