उत्तराखंड : रेल मंत्री से मिले धन सिंह रावत, प्रभावितों के मुआवजे और श्रीनगर विकास पर हुई बात
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 29 Apr, 2026 09:46 PMनई दिल्ली/देहरादून, 29 अप्रैल 2026। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी मौजूद रहे।
बैठक में रेल परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने, श्रीनगर के ऐतिहासिक जीएनटीआई मैदान के पुनर्निर्माण और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में रेन बसेरा निर्माण जैसे विषय प्रमुखता से उठाए गए।
प्रभावित परिवारों के मुआवजे का मुद्दा उठाया
डॉ. धन सिंह रावत ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि निर्माणाधीन टनल के कारण श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की टीचर्स कॉलोनी में कई निजी और व्यावसायिक भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे कई परिवार बेघर होने के साथ आर्थिक संकट से भी गुजर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी पौड़ी की समिति की सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावितों को मुआवजा देने के लिए कई बार रेल विकास निगम से कहा गया, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ। इसके अलावा काण्डई गांव के नौ परिवारों के पूरी तरह क्षतिग्रस्त भवनों का मामला भी उठाया गया।
केंद्रीय रेल मंत्री ने प्रभावित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
जीएनटीआई मैदान का होगा कायाकल्प
मुलाकात के दौरान डॉ. रावत ने रेलवे परियोजना से क्षतिग्रस्त श्रीनगर के ऐतिहासिक जीएनटीआई मैदान के सौंदर्यीकरण और पुनर्निर्माण की मांग रखी। इस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया।
मेडिकल कॉलेज में बनेगा रेन बसेरा
राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में मरीजों के परिजनों और तीमारदारों की सुविधा के लिए रेन बसेरा निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया। केंद्रीय रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव पर भी सकारात्मक आश्वासन दिया।
चारधाम यात्रा का दिया निमंत्रण
डॉ. धन सिंह रावत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को उत्तराखंड चारधाम यात्रा पर आने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
यह मुलाकात उत्तराखंड में रेल परियोजनाओं और स्थानीय विकास कार्यों को गति देने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।


No Previous Comments found.