अतिरिक्त बिजली प्रबंधन के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, मई-जून में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें: आनन्द बर्द्धन

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 27 Apr, 2026 10:51 PM
अतिरिक्त बिजली प्रबंधन के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, मई-जून में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें: आनन्द बर्द्धन

देहरादून, 27 अप्रैल 2026। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि बढ़ती गर्मी और विद्युत मांग को देखते हुए मई एवं जून माह में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त बिजली प्रबंधन के ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सोमवार को राज्य में विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूपीसीएल द्वारा विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए वर्तमान हालात से अवगत कराया गया।


समीक्षा के दौरान बताया गया कि देशभर में हीट वेव के प्रभाव से बिजली की मांग में तेजी आई है। वहीं अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण गैस की सीमित उपलब्धता से राज्य के गैस आधारित संयंत्रों का उत्पादन प्रभावित हुआ है। इसके अलावा नदियों में जलस्तर घटने से जल विद्युत उत्पादन में भी कमी आई है।


अधिकारियों ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में बिजली मांग में औसतन लगभग 5 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की जा रही है। साथ ही उपभोक्ताओं द्वारा इंडक्शन कुकर, एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों के बढ़ते उपयोग से अतिरिक्त 50 से 100 मेगावाट तक का लोड सिस्टम पर आया है, जिससे पीक आवर्स में दबाव बढ़ा है।


बैठक में जानकारी दी गई कि 24 अप्रैल 2026 को भारत की अधिकतम विद्युत मांग लगभग 252 गीगावाट दर्ज की गई, जो पूर्व रिकॉर्ड से अधिक है। वहीं उत्तराखंड में 24 अप्रैल को अधिकतम मांग 2646 मेगावाट और 25 अप्रैल को 2647 मेगावाट दर्ज की गई।


मुख्य सचिव ने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके लिए अग्रिम विद्युत क्रय, कुशल लोड प्रबंधन, रियल टाइम मॉनिटरिंग और ग्रिड समन्वय जैसे उपाय प्रभावी रूप से लागू किए जाएं।


बैठक में यह भी बताया गया कि राज्य सरकार के प्रयासों से भारत सरकार द्वारा केंद्रीय पूल से अतिरिक्त 150 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने का आश्वासन मिला है। इसके अलावा ऊर्जा एक्सचेंज के माध्यम से अग्रिम विद्युत खरीद की व्यवस्था भी की गई है।


इस दौरान हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड (HPSEBL) के साथ जून 2026 के लिए बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से बिजली उपलब्धता को लेकर सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।


यूपीसीएल ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि इस चुनौतीपूर्ण समय में भी बिजली आपूर्ति को सुचारु, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे पीक आवर्स, विशेषकर शाम के समय, बिजली का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें।


बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, प्रबंध निदेशक यूजेवीएनएल, प्रबंध निदेशक यूपीसीएल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2