बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान का मुख्यमंत्री धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिए सख्त निर्देश

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 22 Apr, 2026 07:01 PM
बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान का मुख्यमंत्री धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिए सख्त निर्देश

चमोली, 22 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को बद्रीनाथ धाम पहुंचकर मास्टर प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों का ग्राउंड जीरो पर उतरकर गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, समयसीमा और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को मौके पर ही जरूरी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बद्रीनाथ धाम से जुड़े सभी विकास कार्य जिलाधिकारी की प्रत्यक्ष निगरानी में तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आस्था, श्रद्धा और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पूर्ण हो चुके प्रोजेक्ट्स के शीघ्र हस्तांतरण के निर्देश

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बीआरओ बाईपास रोड, लूप रोड, लेक, आईएसबीटी, सिविक एमिनिटी भवन, टीआईसीसी और अराइवल प्लाजा जैसे पूर्ण हो चुके कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन परियोजनाओं का शीघ्र हस्तांतरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इन सुविधाओं का लाभ जल्द से जल्द तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को मिलना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को हस्तांतरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के निर्देश भी दिए।

तीर्थयात्रियों को मिलें विश्वस्तरीय सुविधाएं

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बद्रीनाथ धाम में किए जा रहे विकास कार्यों का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का निर्माण नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त तीर्थ अनुभव उपलब्ध कराना है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सभी परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव की ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि परिसंपत्तियों की गुणवत्ता और उपयोगिता लंबे समय तक बनी रहे।

पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में पर्यावरणीय संतुलन और स्थानीय पारिस्थितिकी के संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, हरित मानकों और सतत विकास के सिद्धांतों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम की पवित्रता और प्राकृतिक सौंदर्य को अक्षुण्ण रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि विभागों के समन्वित प्रयासों और सतत निगरानी से मास्टर प्लान के सभी कार्य समय पर पूरे होंगे और बद्रीनाथ धाम आने वाले समय में देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए भव्य और सुविधासंपन्न तीर्थस्थल के रूप में स्थापित होगा।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2