उत्तराखंड : नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, देहरादून में पदयात्रा-स्कूटी रैली

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 17 Apr, 2026 10:34 PM
उत्तराखंड : नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, देहरादून में पदयात्रा-स्कूटी रैली

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में शुक्रवार को देहरादून में जनजागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पदयात्रा, स्कूटी रैली, मानव श्रृंखला और हस्ताक्षर अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं के अधिकारों और अधिनियम के महत्व को लेकर जनसमर्थन जुटाया गया।


परेड ग्राउंड स्थित भाजपा महानगर कार्यालय से महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के नेतृत्व में कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक नारी शक्ति वंदन अधिनियम की जानकारी पहुंचाना और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।


कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। पदयात्रा और स्कूटी रैली के माध्यम से शहर में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया, जबकि मानव श्रृंखला बनाकर अधिनियम के समर्थन में एकजुटता दिखाई गई। इस अवसर पर विशेष हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें लोगों ने हस्ताक्षर कर कानून के समर्थन में अपनी सहमति दर्ज कराई।


भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि यह अधिनियम लंबे समय से महिलाओं की मांग रहा है और केंद्र सरकार ने इसे पूरा कर ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अब पार्टी कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों की जिम्मेदारी है कि इस कानून की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जाए।


महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। यह केवल आरक्षण का प्रावधान नहीं, बल्कि महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया की मुख्यधारा में लाने का सशक्त माध्यम है।


मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. दिव्या नेगी ने बताया कि अभियान में बड़ी संख्या में महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों की बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि हजारों वाहनों और पदयात्रियों ने मिलकर अधिनियम के समर्थन में जनसमर्थन जुटाया।


कार्यक्रम में प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें दीप्ति रावत, रुचि भट्ट, नेहा जोशी, हिमानी वैष्णव, नेहा शर्मा, कविता शाह, दिव्या नेगी, बबली चौहान, अर्चना बागड़ी, जानकी नोटियाल, विपुल मेंदोली, सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल, सुमन सिंह, कुलदीप पंत, सुषमा कुकरेती, पूनम शर्मा और वैजयंती माला सहित अनेक नेता शामिल रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2