उत्तराखंड : स्टेट प्रगति पोर्टल से होगी योजनाओं की सख्त मॉनिटरिंग, विभागों को शीघ्र डेटा अपलोड करने के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 1 Apr, 2026 05:11 PMदेहरादून, 01 अप्रैल 2026
राज्य में संचालित योजनाओं की निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने स्टेट प्रगति पोर्टल को केंद्र में रखते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं। बुधवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि अब राज्य एवं केंद्रपोषित सभी महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा इसी पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपनी प्रमुख योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करें। उन्होंने पोर्टल को इस तरह विकसित करने पर जोर दिया, जिससे विभागवार और योजनावार प्रगति की आसानी से समीक्षा की जा सके।
बैठक में उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग को अपनी परियोजनाओं के लिए अलग-अलग चरणों में माइलस्टोन तय करने होंगे, ताकि धीमी गति से चल रही योजनाओं पर नजर रखी जा सके और उन्हें समय पर पूरा किया जा सके।
स्वरोजगार योजनाओं पर विशेष जोर देते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं को भी पोर्टल पर शामिल करें। साथ ही पिछले 3 से 5 वर्षों में इन योजनाओं से उत्पन्न रोजगार का विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश नियोजन विभाग को दिए गए। उन्होंने कहा कि इससे योजनाओं की प्रभावशीलता का आकलन कर खामियों को दूर करने में मदद मिलेगी।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने स्टेट प्रगति पोर्टल का ट्रायल भी लिया और विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रदेश में अस्पतालों, उप जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य योजनाओं में भवन निर्माण के साथ-साथ मानव संसाधन और मशीनों के अपग्रेडेशन को भी शामिल करने के निर्देश दिए। इसके लिए एक समग्र (हॉलिस्टिक) योजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि सभी नए निर्माण कार्यों में बेसमेंट पार्किंग को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए, ताकि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जा सके।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, अपर सचिव झरना कमठान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.