तमकनाला में बेली ब्रिज बहा, एक व्यक्ति और कैंपर वाहन के बहने की सूचना; मलारी मार्ग पर आवाजाही बंद

सीएम धामी ने लिया घटना का संज्ञान, निचले और नदी किनारे के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के निर्देश; SDRF-NDRF की टीमें रवाना

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 10 Aug, 2026 08:52 PM
तमकनाला में बेली ब्रिज बहा, एक व्यक्ति और कैंपर वाहन के बहने की सूचना; मलारी मार्ग पर आवाजाही बंद

देहरादून। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में अत्यधिक जलप्रवाह के कारण बेली ब्रिज बह गया। घटना का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा संवेदनशील और निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित मार्ग पर आवाजाही प्रतिबंधित रखी जाए। उन्होंने नदी-नालों एवं तेज जलप्रवाह वाले क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रखने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

राशन और जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित न हो

मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए कि बेली ब्रिज के बहने के कारण आसपास के गांवों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों के माध्यम से ग्रामीणों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रहने तथा सभी संबंधित एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बदलते मौसम को देखते हुए प्रदेशभर में प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने और किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

SEOC से 24×7 निगरानी

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से चमोली सहित प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर 24×7 निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव दलों को तत्काल सक्रिय किया जा रहा है।

तेज जलप्रवाह में बेली ब्रिज पूरी तरह बहा

सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित बेली ब्रिज अत्यधिक जलप्रवाह की चपेट में आकर पूरी तरह बह गया।

प्राप्त सूचना के अनुसार, नाले में अचानक बढ़े पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के बहने की सूचना मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही SDRF और NDRF की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं।

स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। घटनास्थल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

मलारी की ओर आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित

सुरक्षा के दृष्टिगत ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर मलारी की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। प्रशासन ने लोगों से प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने तथा मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक इस मार्ग से यात्रा न करने की अपील की है।

नदी किनारे और निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता

सचिव आपदा प्रबंधन ने कहा कि नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने और अचानक तेज जलप्रवाह की संभावना को देखते हुए निचले एवं नदी किनारे के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

संबंधित जिला प्रशासन को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2