उत्तराखंड भाजपा ने जारी किया अगस्त-सितंबर का संगठनात्मक कैलेंडर, तिरंगा यात्रा से बूथ सशक्तिकरण तक होंगे कई कार्यक्रम
दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में तय हुई रणनीति, गढ़वाल-कुमाऊं में अलग-अलग बैठकों का कार्यक्रम
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 5 Aug, 2026 11:28 PMदेहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों का विस्तृत कैलेंडर जारी कर दिया है। दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में आयोजित प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में अगस्त और सितंबर माह के लिए कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 8 अगस्त को देहरादून में गढ़वाल मंडल के सभी जिला एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद 16 अगस्त को हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के जिला और मंडल अध्यक्षों की बैठक होगी। इन दोनों बैठकों के समन्वय की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल को सौंपी गई है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि 9 अगस्त को पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके समन्वय की जिम्मेदारी भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मेंदोली को दी गई है। वहीं 11 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा, जिसका संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट करेंगे।
संगठनात्मक बैठकों के क्रम में 17 अगस्त को देहरादून में गढ़वाल मंडल के अंतर्गत आने वाले लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों और विधायकों की बैठक आयोजित होगी। इसके अगले दिन 18 अगस्त को हल्द्वानी में कुमाऊं मंडल के सांसदों और विधायकों की बैठक होगी। इन बैठकों के समन्वय की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत को सौंपी गई है।
इसके अलावा 19 अगस्त से प्रदेशभर में बूथ सशक्तिकरण अभियान की शुरुआत की जाएगी, जबकि 23 अगस्त से शक्ति केंद्र स्तर की बैठकों का आयोजन किया जाएगा। पार्टी का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पूरे सितंबर माह के दौरान विशेष अभियान चलाकर उन वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात और संवाद किया जाएगा, जो वर्तमान में किसी संगठनात्मक या अन्य दायित्व का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभवों का लाभ संगठन को देने और उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर रहेगा।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि आगामी सभी कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और तय कार्यक्रमों के अनुसार संगठनात्मक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।



No Previous Comments found.