उत्तराखंड की फिल्म नीति से प्रभावित हुए अभिनेता अमन वर्मा, बोले- जल्द करेंगे फिल्म शूटिंग पर विचार

फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान से की मुलाकात, राज्य की शूटिंग सुविधाओं और प्रोत्साहन नीति की ली जानकारी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 24 Jul, 2026 06:56 PM
उत्तराखंड की फिल्म नीति से प्रभावित हुए अभिनेता अमन वर्मा, बोले- जल्द करेंगे फिल्म शूटिंग पर विचार

देहरादून।

बॉलीवुड अभिनेता अमन वर्मा ने शुक्रवार को रिंग रोड स्थित लाडपुर में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के कार्यालय पहुंचकर परिषद के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की फिल्म नीति, शूटिंग सुविधाओं और राज्य सरकार द्वारा फिल्म निर्माताओं को दिए जा रहे प्रोत्साहनों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मुलाकात के दौरान नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने अमन वर्मा का ‘जागेश्वर मंदिर’ का प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत किया। बातचीत के दौरान अभिनेता ने उत्तराखंड की फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में फिल्मांकन के लिए बेहद आकर्षक और विविधतापूर्ण लोकेशन उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग को लेकर गंभीरता से विचार करेंगे।

इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि अमन वर्मा 26 जुलाई 2026 को शाम 7 बजे देहरादून के हिमालयन कल्चरल सेंटर, नींबूवाला में “किस्मत पैलेस” नाटक का मंचन करेंगे।

नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार ने फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रभावी फिल्म नीति लागू की है। इसके तहत फिल्म निर्माताओं को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखंड में फिल्माई गई हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों को तीन करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। वहीं वेब सीरीज और विदेशी फिल्मों को भी सब्सिडी के दायरे में शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य में शूटिंग की अनुमति अब पूरी तरह ऑनलाइन उपलब्ध है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से सात दिनों के भीतर अनुमति जारी की जाती है। इसके अलावा शूटिंग शुल्क पूरी तरह माफ किया गया है। फिल्म इकाइयों को सुरक्षा व्यवस्था के साथ जीएमवीएन और केएमवीएन के गेस्ट हाउसों में विशेष छूट भी प्रदान की जाती है।

के.एस. चौहान ने बताया कि उत्तराखंड में हर वर्ष 200 से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों की शूटिंग होती है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, विविध भौगोलिक परिस्थितियां, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के लिए एक आदर्श गंतव्य बनाते हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश और विदेश के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद तथा एक प्रमुख फिल्म शूटिंग हब के रूप में स्थापित करना है।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #AmanVerma #FilmPolicy #FilmShooting #UttarakhandFilmDevelopmentCouncil #PushkarSinghDhami #Dehradun #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2