श्रावणी मेले का शुभारंभ: जागेश्वर धाम में मुख्यमंत्री धामी ने की पूजा, हरेला पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

147 करोड़ रुपये के जागेश्वर मास्टर प्लान का किया उल्लेख, कहा— धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया बल

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 16 Jul, 2026 05:42 PM
श्रावणी मेले का शुभारंभ: जागेश्वर धाम में मुख्यमंत्री धामी ने की पूजा, हरेला पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अल्मोड़ा, 16 जुलाई। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में गुरुवार को श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया। मुख्यमंत्री ने भगवान जागेश्वर के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों तथा देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मेले के सफल आयोजन की मंगलकामना की।

हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री ने जागेश्वर मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरेला उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति आस्था का प्रतीक पर्व है। सभी नागरिकों को अधिक से अधिक पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।

श्रावणी मेले के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम भारतीय सनातन परंपरा का एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र है, जहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का अनुभव करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर धाम से उन्हें भी हमेशा नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है, जो प्रदेशवासियों की सेवा के लिए निरंतर कार्य करने की शक्ति देती है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास आधुनिक सुविधाओं के साथ करना है, जबकि उनकी मूल सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि लगभग 147 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। परियोजना में धाम की ऐतिहासिक और धार्मिक गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जागेश्वर धाम आगमन के बाद इस पवित्र स्थल के प्रति श्रद्धालुओं का आकर्षण तेजी से बढ़ा है। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों में चार लाख से अधिक श्रद्धालु जागेश्वर धाम पहुंच चुके हैं और आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और स्वरोजगार को व्यापक लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के मंत्र के साथ उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है। धार्मिक पर्यटन, आधारभूत ढांचे, सड़क संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में डबल इंजन सरकार तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और जनता के सहयोग से उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से श्रावणी मेले के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि की प्राकृतिक संपदा, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था का संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, अल्मोड़ा के मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर.एस., जागेश्वर मंदिर समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #JageshwarDham #ShravaniMela #PushkarSinghDhami #Harela #Almora #Devbhoomi #ReligiousTourism #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2