बीकेटीसी दान प्रकरण पर भाजपा विधायक विनोद चमोली का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘डबल स्टैंडर्ड’ छोड़ें गणेश गोदियाल

‘पूरे कर्मकांडी ब्राह्मण समाज पर सवाल उठाना उचित नहीं’, दान चोरी मामले में सरकार को घेरने पर भी जताई आपत्ति

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 13 Jul, 2026 06:15 PM
बीकेटीसी दान प्रकरण पर भाजपा विधायक विनोद चमोली का कांग्रेस पर हमला, बोले- ‘डबल स्टैंडर्ड’ छोड़ें गणेश गोदियाल

देहरादून, 13 जुलाई। बदरीनाथ धाम में दानराशि चोरी के मामले को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मंदिरों में पूजा-अर्चना करने वाले कर्मकांडी ब्राह्मणों और पुजारियों पर अविश्वास जताना सनातन परंपरा के प्रति अनास्था का संदेश देता है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में विनोद चमोली ने कहा कि मंदिरों में पूजा-पाठ करने वाले पुजारियों और कर्मकांडी ब्राह्मणों का जीवन श्रद्धालुओं द्वारा दी जाने वाली दक्षिणा पर आधारित होता है। ऐसे में यदि किसी एक या दो व्यक्तियों की गलती को पूरे समाज से जोड़कर देखा जाएगा तो यह उचित नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने कोई अपराध किया है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पूरे धार्मिक समुदाय या व्यवस्था पर सवाल उठाना सही नहीं है।

गणेश गोदियाल पर साधा निशाना

विनोद चमोली ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के हालिया बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि गोदियाल यह मानते हैं कि दानराशि चोरी के आरोपी कर्मचारी को उनके कार्यकाल में स्थायी नियुक्ति मिलने के बावजूद इसके लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, तो फिर वर्तमान सरकार, मुख्यमंत्री और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को भी इस मामले में सीधे दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ही मुद्दे पर अलग-अलग मानदंड अपनाकर “डबल स्टैंडर्ड” की राजनीति कर रही है।

‘जांच पूरी होने दें, दोषियों पर होगी कार्रवाई’

भाजपा विधायक ने कहा कि बदरीनाथ धाम में दानराशि चोरी के मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि केवल किसी घटना के आधार पर मुख्यमंत्री, सरकार या मंदिर समिति को कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।

चमोली ने कहा कि यदि कांग्रेस का तर्क है कि किसी कर्मचारी के कृत्य के लिए उसे नियुक्त करने वाला व्यक्ति स्वतः दोषी नहीं हो जाता, तो यही सिद्धांत वर्तमान सरकार और बीकेटीसी पर भी लागू होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में जवाबदेही तय की जाती है तो सभी पक्षों पर समान मानदंड लागू होने चाहिए।




सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2