धामी सरकार की फिल्म नीति का असर: उत्तराखंड के युवाओं को मिली छात्रवृत्ति, फिल्म जगत में खुलेंगे नए अवसर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 30 Jun, 2026 05:32 PMदेहरादून। उत्तराखंड सरकार की नई उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 का लाभ अब राज्य के युवाओं को प्रत्यक्ष रूप से मिलना शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में राज्य सरकार फिल्म और रचनात्मक क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने प्रतिष्ठित Film and Television Institute of India (FTII), पुणे से पढ़ाई पूरी कर चुके तीन युवाओं को छात्रवृत्ति राशि का भुगतान किया है।
सरकार की उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 के तहत Film and Television Institute of India, Satyajit Ray Film and Television Institute कोलकाता या अन्य प्रतिष्ठित फिल्म संस्थानों में प्रवेश लेने वाले उत्तराखंड के स्थायी निवासी छात्र-छात्राओं को मेरिट के आधार पर पाठ्यक्रम पूरा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद छात्रवृत्ति प्रदान किए जाने का प्रावधान किया गया है।
नीति के अनुसार, पाठ्यक्रम पर हुए व्यय के आधार पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों को 75 प्रतिशत, जबकि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 50 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति दी जाती है।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ निवासी प्रवीण सेमवाल को एक वर्षीय स्नातकोत्तर सर्टिफिकेट कोर्स के लिए 65,682 रुपये, चमोली जिले के हरनी (मुंदोली) निवासी कविता को दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,27,619 रुपये तथा नैनीताल के तल्लीताल निवासी देवेश भट्ट को तीन वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,38,990 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। तीनों छात्रों ने Film and Television Institute of India, पुणे से अपनी पढ़ाई पूरी की है।
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा कि “उत्तराखंड के युवा रचनात्मक प्रतिभा से समृद्ध हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के बेहतर अवसर मिलें। उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। फिल्म शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को छात्रवृत्ति देकर सरकार उनके सपनों को नई उड़ान देने का काम कर रही है।”
राज्य सरकार की यह पहल उत्तराखंड के युवाओं को फिल्म और मीडिया जगत में करियर बनाने के लिए नई संभावनाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



No Previous Comments found.