केदारनाथ-हेमकुंट रोपवे प्रोजेक्ट में तेजी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने दिए समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 22 Jun, 2026 10:32 PMदेहरादून, 22 जून। उत्तराखंड के बहुप्रतीक्षित केदारनाथ और हेमकुंट साहिब रोपवे प्रोजेक्ट को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित उत्तराखण्ड रोपवे डेवलपमेंट लिमिटेड की निदेशक मंडल की दूसरी बैठक में दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने केदारनाथ रोपवे और हेमकुंट साहिब रोपवे प्रोजेक्ट के तहत फॉरेस्ट लैंड क्लीयरेंस की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आवश्यक सर्वे कार्यों को तय समयसीमा में पूरा कराने पर जोर देते हुए कहा कि यूटिलिटी शिफ्टिंग, बिजली और पानी आपूर्ति से जुड़े कार्य जल्द पूरे किए जाएं।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि रोपवे परियोजनाओं के तहत पार्किंग व्यवस्था, लास्ट माइल कनेक्टिविटी और रोपवे स्टेशन के आसपास व्यावसायिक क्षेत्र विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही सभी हितधारकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने को कहा गया।
बैठक में एनएचएलएमएल अधिकारियों ने जानकारी दी कि केदारनाथ रोपवे परियोजना के तहत लिडार सर्वे और वीडियोग्राफी का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि कंसेशनियर द्वारा जियो-टेक्निकल जांच शुरू कर दी गई है। गौरीकुंड और सोनप्रयाग स्टेशन के लिए जियो-टेक्निकल सर्वे एवं टोपोग्राफी सर्वे भी पूरा कर लिया गया है। शुरुआती अलाइनमेंट तैयार हो चुका है और फाइनल अलाइनमेंट जून 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि देहरादून से सोनप्रयाग तक वास्तविक आकार के कंटेनरों के साथ लॉजिस्टिक्स ड्राई रन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। वहीं हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना के लिए भूमि सर्वे का काम जारी है। खराब मौसम के कारण ड्रोन सर्वे में देरी हुई, लेकिन अंतिम हिस्से के लिए डीजीपीएस और लिडार सर्वे दोबारा शुरू कर दिया गया है।
बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, धीराज गर्ब्याल सहित एनएचएलएमएल के अधिकारी मौजूद रहे।



No Previous Comments found.