अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा का प्रदेशभर में आयोजन, महेंद्र भट्ट बोले- योग स्वस्थ जीवन का आधार
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 21 Jun, 2026 11:07 PMदेहरादून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में प्रदेश मुख्यालय से लेकर मंडल स्तर तक व्यापक जनसहभागिता के साथ उत्साहपूर्वक योग दिवस मनाया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर “स्वस्थ भारत, सशक्त भारत” का संदेश दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने चमोली जनपद के गोपेश्वर में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लिया। योगाभ्यास के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि तन, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक शांति और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग बेहद जरूरी है। महेंद्र भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके वैश्विक नेतृत्व के कारण भारतीय योग को विश्वभर में नई पहचान मिली है। संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव पारित होना इसी दूरदर्शी पहल का परिणाम है, जिसके चलते आज करोड़ों लोग योग को स्वस्थ जीवन का आधार बना चुके हैं।
प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों के तहत प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने ऋषिकेश योग आश्रम में, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने पुरोला में और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने यमुनोत्री मंदिर परिसर में आयोजित योग कार्यक्रमों में भागीदारी की।
वहीं भाजपा प्रदेश मुख्यालय देहरादून में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सरकार में दायित्वधारी और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में राजेंद्र नेगी, गीता राम गौड़, डॉ. सीएन रवि, विजय रावत, हरीश चमोली, विश्वजीत नेगी, महावीर पंवार, भजराम पंवार और हिमांशु रावत सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
भाजपा ने योग दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में जनजागरूकता का संदेश देते हुए लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।



No Previous Comments found.