‘खेत बचाओ अभियान’ किसानों को नई तकनीक और योजनाओं से जोड़ने का बड़ा मंच बनेगा : गणेश जोशी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 18 Jun, 2026 09:49 PM
‘खेत बचाओ अभियान’ किसानों को नई तकनीक और योजनाओं से जोड़ने का बड़ा मंच बनेगा : गणेश जोशी

देहरादून, 18 जून। उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय स्थित मुख्य सचिव सभागार में 26 जून 2026 को रुद्रपुर के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।


बैठक में कृषि, उद्यान, बागवानी मिशन, सगंध पौधा केंद्र सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया, जबकि ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जनपदों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।


कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ‘खेत बचाओ अभियान’ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। उन्होंने सभी विभागों को कार्यक्रम की तैयारियां आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।


बैठक में तय किया गया कि कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जनपदों से लगभग 9,500 किसान और स्वयं सहायता समूहों के सदस्य शामिल होंगे। इसके अलावा पंतनगर विश्वविद्यालय से 1,000 प्रतिभागियों के साथ रुद्रपुर क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम के दौरान कृषि, उद्यान, ग्रामीण विकास, चाय विकास board, सगंध पौधा केंद्र, रेशम एवं अन्य विभागों द्वारा योजनाओं और कृषि नवाचारों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।


मंत्री ने अधिकारियों को पंडाल, मंच, भोजन, परिवहन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश देते हुए मौसम की संभावित परिस्थितियों तथा व्यय में मितव्ययिता का विशेष ध्यान रखने को कहा।


बैठक के अंत में गणेश जोशी ने सभी विभागों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2