बागेश्वर राज्य अतिथि गृह परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए : डॉ. आर. राजेश कुमार
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Jun, 2026 09:38 PMदेहरादून, 18 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं को तेजी से धरातल पर उतारने की दिशा में राज्य संपत्ति विभाग ने बागेश्वर में प्रस्तावित आधुनिक राज्य अतिथि गृह निर्माण परियोजना को गति दे दी है। गुरुवार को राज्य सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परियोजना की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बागेश्वर के ग्राम ठेलापालन में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह के प्रस्तुतीकरण के बाद सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्तमान आवश्यकताओं के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत आने वाली इस परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए और निर्माण कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह बागेश्वर तहसील के ग्राम ठेलापालन में लगभग 45 नाली भूमि पर विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्वतीय जिलों में सरकारी कार्यक्रमों, वीआईपी आवागमन और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। परियोजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन तैयार किया जाएगा, जिसमें अतिथि कक्ष, बैठक कक्ष, प्रशासनिक कक्ष सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग, बागेश्वर को निर्देश दिए कि DPR में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, फर्नीचर, विद्युत उपकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं को शामिल किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने पर विशेष जोर दिया।
सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि DPR के साथ स्थल चयन समिति की रिपोर्ट, ले-आउट स्वीकृति और अन्य सभी आवश्यक अनुमतियां भी संलग्न की जाएं ताकि परियोजना की स्वीकृति प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो और निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सके।
बैठक में अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी लक्ष्मण सिंह, उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं लोक निर्माण विभाग बागेश्वर के अधिशासी अभियंता इंजी. एस.के. पांडे और सहायक अभियंता इंजी. तनीशा पांगती ने परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया।



No Previous Comments found.