उत्तराखंड भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान में देश में नंबर वन, कार्यकर्ताओं के दम पर चुनावी जीत की हैट्रिक का लक्ष्य
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 10 Jun, 2026 07:20 PMदेहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत उत्तराखंड भाजपा ने संगठनात्मक प्रशिक्षण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्गों में उत्तराखंड को पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जबकि मंडल स्तर के प्रशिक्षण वर्गों में भी प्रदेश अपने जोन में शीर्ष स्थान पर रहा है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जिला एवं मंडल प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा बैठक में यह जानकारी प्रशिक्षण अभियान के जोनल प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 19 संगठनात्मक जिलों और 304 मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए हैं, जिसका परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड की उत्कृष्ट उपलब्धि के रूप में सामने आया है।
मौर्य ने कहा कि प्रशिक्षण से तैयार हुए कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और इन्हीं के सामर्थ्य के बल पर भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों में जीत की हैट्रिक लगाने का लक्ष्य हासिल करेगी। उन्होंने प्रशिक्षण टोली के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी भूमिका एक कुम्हार की तरह है, जो घड़े को आकार देता है और उसका लाभ समाज को मिलता है। इसी प्रकार प्रशिक्षित कार्यकर्ता भविष्य में संगठन और सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि जिला और मंडल स्तर के प्रशिक्षण वर्गों के समापन के बाद पार्टी द्वारा समीक्षा प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें प्रशिक्षण से जुड़े पदाधिकारियों और प्रभारियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि पूरे देश में प्रशिक्षण वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करना उत्तराखंड भाजपा के लिए गर्व की बात है और इसका श्रेय संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है।
बैठक के दौरान प्रशिक्षण वर्गों की विशेषताओं, जमीनी अनुभवों और भविष्य में प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर अमरपाल मौर्य ने प्रधानमंत्री Narendra Modi को देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि 4,399 दिनों के कार्यकाल का यह कीर्तिमान असाधारण है और प्रधानमंत्री मोदी ने बिना अवकाश लिए गरीबों, युवाओं, ग्रामीणों तथा समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की।
समीक्षा बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, ज्योति प्रसाद गैरोला, नेहा जोशी, जगमोहन रावत, हिमांशु संगथानी सहित प्रशिक्षण वर्ग से जुड़े अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.