मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल के उपलक्ष्य में उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना करेगी भाजपा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Jun, 2026 11:29 PMदेहरादून, 9 जून। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर को विशेष धार्मिक आयोजनों के माध्यम से मनाने का निर्णय लिया है। पार्टी प्रदेशभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों, चारधाम, हरिद्वार, नैनीताल सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना, प्रार्थना और अरदास कार्यक्रम आयोजित करेगी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल करेंगे। इस अवसर पर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के संकल्प के लिए प्रदेशभर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। पार्टी संगठन ने विधानसभा स्तर तक धार्मिक स्थलों पर सामूहिक पूजा-अर्चना, प्रार्थना और अरदास के कार्यक्रम तय किए हैं।
इन आयोजनों के सफल संचालन के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के निर्देश पर प्रदेश एवं जिला स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति की गई है। प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर को प्रदेश संयोजक बनाया गया है, जबकि बलजीत सोनी और भुवन जोशी को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश के विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों पर कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। इनमें उत्तरकाशी, यमुनोत्री, बदरीनाथ, केदारनाथ, गोपीनाथ मंदिर, टपकेश्वर महादेव मंदिर, देवप्रयाग, हनोल महासू मंदिर, ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट एवं स्वर्ग आश्रम, हरिद्वार की हर की पैड़ी, धारी देवी मंदिर, सिद्धबली मंदिर, हाट कालिका मंदिर, बागनाथ मंदिर, जागेश्वर धाम, पूर्णागिरि मंदिर, कैंची धाम, नैना देवी मंदिर और त्रिपुरा सुंदरी मंदिर सहित अनेक धार्मिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा गुरुद्वारों, जैन मंदिरों और बौद्ध मठों में भी विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए काशीपुर, बाजपुर, हेमकुंड साहिब, देहरादून, नैनीताल, रुद्रपुर, गदरपुर और नानकमत्ता समेत विभिन्न स्थानों पर संयोजकों की नियुक्ति की गई है।
भाजपा के अनुसार इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति और उनके दीर्घकालिक सार्वजनिक जीवन के लिए प्रार्थना करना है। पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रमों में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।



No Previous Comments found.